ट्रॉली बैग में कपड़ों के बीच छिपा रखा था गांजा, भारी खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार
हरिद्वार, 23 सितंबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 किलो 106 ग्राम अवैध गांजे के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित पुलिस और आम लोगों की नजरों से बचने के लिए गांजे को कपड़ों के ट्रॉली बैग और कट्टे में छिपाकर ले जा रहे थे। बरामद गांजे को छोटे-छोटे पैकेटों में करीब एक-एक किलो के हिसाब से तैयार किया गया था।
पुलिस के अनुसार बुधवारको कनखल पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान श्रीयंत्र पुल से बैरागी कैंप की ओर पैदल आ रहे तीन संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में दो ट्रॉली बैग और एक सफेद कट्टे से टेप से लिपटे गांजे के पैकेट बरामद हुए। वजन कराने पर कुल 32 किलो 106 ग्राम गांजा मिला।
पुलिस ने बताया कि दिपेश के कब्जे से 11 किलो 35 ग्राम, रणजीत लाकड़ा से 14 किलो 32 ग्राम और आदित्य राय से 7 किलो 32 ग्राम गांजा बरामद हुआ। तीनों के खिलाफ कोतवाली कनखल में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे हरिद्वार में कहां खपाने की योजना थी। तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते दिपेश पुत्र गोल्डन झा, निवासी बैरागी कैंप, कनखल, रणजीत लाकड़ा पुत्र विशु लाकड़ा, निवासी ठोकर नंबर 10, कनखल व आदित्य राय पुत्र मुकेश राय, निवासी मीना बाजार, लोहाघाट, चंपावत बताए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला