पत्रकार के घर चोरी का खुलासा, जम्मू-कश्मीर का आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 18 अक्टूबर (हि.स.)। श्रवणनाथ नगर में वरिष्ठ पत्रकार गोपाल रावत के घर से चार लाख रुपये की चोरी के मामले का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दविंदर नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की रकम में से बचाए गए एक लाख 20 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, सात अक्टूबर को पत्रकार गोपाल रावत निवासी श्रवणनाथ नगर ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर चार लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपित की गिरफ्तारी और चोरी की रकम बरामद करने के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से लेकर हरिद्वार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल सर्विलांस तथा मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपित की तलाश की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 18 अक्टूबर को दविंदर (25) पुत्र किशोर निवासी वार्ड नंबर सात, जिला सांबा, जम्मू-कश्मीर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक लाख 20 हजार रुपये बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह हेरोइन और स्मैक का आदी है। नशे की पूर्ति के लिए वह चोरी करता था। पुलिस के अनुसार, श्रवणनाथ नगर स्थित घर से बड़ी रकम मिलने के बाद आरोपित दिल्ली और हिमाचल प्रदेश गया, जहां उसने चोरी की रकम का बड़ा हिस्सा नशे और अन्य गतिविधियों पर खर्च कर दिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला