नैटवाड़ में सुनार की दुकान में चोरी, आरोपित गिरफ्तार
उत्तरकाशी, 27 अगस्त (हि.स.)। मोरी से करीब 10 किलोमीटर दूर नैटवाड़ बाजार में बुधवार रात्री को सुनार की दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। दुकान से सोना-चांदी समेत धातुओं से बने आभूषण चोरी होने की सूचना मिलने पर मोरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को महज चार घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत ने बताया कि गत बुधवार रात को नैटवाड़ बाजार में गुड्डू शाह (आस्था ज्वेलर्स) ने अपनी दुकान पर चोरी होने को लेकर मोरी थाने में अपनी प्राथमिकी दर्ज कराई। जिस पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और विवेचना शुरू कर दी।
पुलिस ने छानबीन और सुरागों के आधार पर महज चार घंटे के भीतर ही चोरी के आरोपित 23 वर्षीय प्रवेश उनियाल निवासी कोटगांव को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित को छिबाड़ा खड्ड के समीप से गिरफ्तार कर लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल