नंदा-सुनंदा महोत्सव में पुलिस की तत्परता से दो बच्चियां परिजनों से मिलाई गईं, गुम मोबाइल भी वापस मिले
नैनीताल, 23 सितंबर (हि.स.)। बुधवार को नंदा-सुनंदा महोत्सव के समापन के दौरान भारी भीड़ के बीच नैनीताल पुलिस ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दो अलग-अलग मामलों में पांच और 10 वर्षीय दो बच्चियों को सकुशल उनके परिजनों से मिलाया। साथ ही मेले में मिला एक कीपैड मोबाइल फोन भी आवश्यक सत्यापन के बाद उसके स्वामी को लौटा दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महोत्सव के दौरान 10 वर्षीय कमला नाम की बच्ची एक महिला को अकेली और रोती हुई मिली। महिला ने बच्ची को पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचाकर पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस ने लगातार उद्घोषणा कराई, जिसके बाद हल्द्वानी निवासी बच्ची के नाना-नानी कंट्रोल रूम पहुंचे। पहचान और आवश्यक सत्यापन के बाद आधार कार्ड के माध्यम से पुष्टि कर बच्ची को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
इसी प्रकार सूरज कुमार नाम के व्यक्ति को पांच वर्षीय बच्ची अकेली और रोती हुई मिली, जिसे वे पुलिस कंट्रोल रूम ले आए। अपर उपनिरीक्षक पुलिस दूरसंचार किरण गोस्वामी और महिला आरक्षी नीतू चंदोला ने बच्ची के संबंध में उद्घोषणा कराई। सूचना मिलने पर नैनीताल निवासी बच्ची के दादा कंट्रोल रूम पहुंचे और पहचान एवं आधार कार्ड से सत्यापन के बाद बच्ची को उनके सुपुर्द किया गया।
इसके अलावा एक श्रद्धालु द्वारा जमा कराया गया इंटेल कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन भी उद्घोषणा के बाद उसके स्वामी नैनीताल निवासी ओमप्रकाश कांडपाल को पहचान और आधार कार्ड से सत्यापन के उपरांत लौटा दिया गया। परिजनों और मोबाइल स्वामी ने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें, बच्चों का हाथ थामे रखें और किसी के परिजनों से बिछड़ने की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी, पुलिस सहायता केंद्र अथवा कंट्रोल रूम से संपर्क करें।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी