मेडिकल कॉलेज की मांग पर 102 दिन से आंदोलन, भूख हड़ताल की चेतावनी
नई टिहरी, 11 नवंबर (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर पिछले 102 दिनों से चल रहा संयुक्त संघर्ष समिति का आंदोलन अब दूसरे चरण में पहुंचने जा रहा है। मांग पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज समिति ने गुरुवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट आज से भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
बुधवार को बौराड़ी स्थित गणेश चौक धरना स्थल पर आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार दो बार मेडिकल कॉलेज निर्माण की घोषणा कर चुकी है, लेकिन अब तक शासनादेश जारी नहीं हुआ है। घोषणाओं के बावजूद धरातल पर कार्रवाई नहीं होने से टिहरी के लोगों में निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष किया जा रहा है, लेकिन सरकार इस मांग को गंभीरता से नहीं ले रही है। वक्ताओं ने टिहरी बांध प्रभावितों और विस्थापितों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है।
समिति के सदस्यों ने कहा कि धरना, क्रमिक अनशन और सत्याग्रह के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया गया, लेकिन सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। अब भूख हड़ताल शुरू करने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासनादेश जारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
क्रमिक अनशन पर मनोज शाह, जीतराम भट्ट, कमल सिंह महर, चंडी प्रसाद डबराल, त्रिलोक चंद रमोला, जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत, टीकम सिंह चौहान, गंगा भगत सिंह नेगी, भगवान देई तोपवाल, नरोत्तम दत्त जखमोला, डॉ. यूएस नेगी और जयेंद्र रावत आदि बैठे रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी