नई टिहरी में स्थापित करेंगे महाराजा सुदर्शन शाह की मूर्तिःकिशोर
नई टिहरी, 29 नवंबर (हि.स.)। पुरानी टिहरी के स्थापना दिवस पर 28 दिसंबर को नई टिहरी में टिहरी रियासत के संस्थापक महाराजा सुदर्शन शाह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही कोटी कॉलोनी में टिहरी का संग्रहालय भी बनाया जाएगा। यह जानकारी रविवार को विधायक किशोर उपाध्याय ने पत्रकारों को दी।
अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक ने बताया कि महाराजा सुदर्शन शाह की प्रतिमा स्थापित करने के लिए नई टिहरी में दो-तीन स्थानों का चयन किया गया है। इनमें से एक स्थान को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रतिमा निर्माण के लिए राजपरिवार से उनका फोटो मांगा गया है और ऑर्डर भी दे दिया गया है। उम्मीद है कि 20 दिसंबर तक प्रतिमा टिहरी पहुंच जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रतिमा स्थापना और इससे जुड़े कार्यक्रमों के लिए एक स्मृति समिति गठित की जाएगी। इसमें महाराजा मनुज्येंद्र शाह और सांसद एवं महारानी माला राज्य लक्ष्मी शाह को संरक्षक बनाया जाएगा। ठाकुर भवानी प्रताप सिंह संयोजक होंगे। समिति में टिहरी, उत्तरकाशी और जखोली क्षेत्र के विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और निकायों के अध्यक्षों को भी शामिल किया जाएगा।
किशोर उपाध्याय ने बताया कि 28 दिसंबर को आयोजित कार्यक्रम में टिहरी रियासत में शामिल रहे क्षेत्रों के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े स्मारकों के संरक्षण के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत चंबा में वीसी गबर सिंह के स्मारक के लिए 10 लाख रुपये तथा जौल गांव में श्रीदेव सुमन के स्मारक के सौंदर्यीकरण के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नई टिहरी में राज्य आंदोलन के प्रणेता इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
इस अवसर पर ठाकुर भवानी प्रताप सिंह ने महाराजा सुदर्शन शाह और टिहरी राजवंश के इतिहास की जानकारी दी। पत्रकार वार्ता में मंडल अध्यक्ष विजय कठैत, राजेंद्र डोभाल और शांति खंडूरी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी