मतदाता सूची सुधार अभियान शुरू, 8 से 10 अक्टूबर तक विशेष शिविर
पौड़ी गढ़वाल, 08 अक्टूबर (हि.स.)।मतदाता सूची को अधिक समावेशी, त्रुटिरहित और अद्यावधिक बनाने के लिए जनपद में विशेष अभियान शुरू किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के साथ नए, युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
अभियान के पहले चरण में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा वर्तमान मतदाता सूची की एसआईआर से पूर्व की मतदाता सूची से तुलना की जाएगी। इस दौरान ऐसे मतदाताओं को चिन्हित किया जाएगा, जिनके नाम पूर्व की सूची में दर्ज थे, लेकिन किसी कारणवश वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं।
चिन्हित मतदाताओं की सूची तैयार कर प्रत्येक मतदान केंद्र पर 8 से 10 अक्टूबर तक तीन दिवसीय विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शिविर में बीएलओ नए, युवा और पहली बार मतदान करने वाले पात्र नागरिकों को नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ आवश्यक सहयोग भी करेंगे। एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं का भी पुनः सत्यापन किया जाएगा।
इसके लिए 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान संबंधित मतदाता की वर्तमान स्थिति की जानकारी जुटाई जाएगी। यदि कोई व्यक्ति 1 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र पाया जाता है तो उसे फार्म-6 के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा दी जाएगी।
विशेष शिविर और घर-घर सत्यापन के दौरान बीएलओ के साथ बीएलए सदस्य (सरकारी सेवक) की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। संभव होने पर बीएलए-2 की मौजूदगी भी रहेगी। अभियान के दौरान नए, युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं तथा मतदाता सूची से छूटे पात्र नागरिकों के अनुभव और प्रतिक्रियाओं को सोशल मीडिया एवं क्षेत्रीय मीडिया के माध्यम से प्रचारित किया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करना है।
अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी नागरिकों, मतदाताओं, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों से अभियान में बीएलओ को सहयोग देने की अपील की है। उन्होंने पात्र नागरिकों से निर्धारित अवधि में मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और नाम दर्ज न होने पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का आह्वान किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह