नहाने गए 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत
हरिद्वार, 11 जुलाई (हि.स.)। लगातार हो रही बारिश के बीच लक्सर क्षेत्र से एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। खानपुर थाना क्षेत्र के लालचंदवाला गांव निवासी 16 वर्षीय समद पुत्र नूर अली की पानी में डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार समद बीते रोज मिर्जापुर सादात गांव के समीप नहाने गया था। बारिश के चलते जलस्तर और तेज बहाव के कारण वह अचानक गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किशोर का शव बरामद कर लिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला और तहसीलदार दीवान सिंह राणा भी मौके पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस घटना के बाद एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें। उन्होंने अभिभावकों से विशेष रूप से बच्चों पर निगरानी रखने और उन्हें ऐसे खतरनाक स्थानों पर न जाने देने की सलाह दी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला