तीज महोत्सव में दिखा पहाड़ी रंग, ऋतु खंडूड़ी बोलीं- मातृशक्ति की ताकत से बदल रहा उत्तराखंड

 




देहरादून, 09 अगस्त (हि.स.)। देहरादून में रविवार को आयोजित भव्य तीज महोत्सव में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और नारी शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ते हुए उत्तराखंड के विकास में अहम भूमिका निभा रही है।

भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी की ओर से आयोजित महोत्सव में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा,लोकगीतों,लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा कार्यक्रम पूरी तरह उत्तराखंडी रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम की बतौर मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने महिलाओं को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं आज आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में ऐसी महिला नेतृत्व की आवश्यकता है,जो मातृशक्ति की आवाज बने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करे।

ऋतु खंडूड़ी ने नेहा जोशी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की समस्याओं और आवश्यकताओं को आवाज देने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने कहा कि इस बार तीज महोत्सव को उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पहाड़ी परंपराओं से जोड़कर मनाया गया है। उन्होंने कहा कि तीज केवल पर्व नहीं,बल्कि हमारी संस्कृति,परंपराओं और नारी शक्ति का उत्सव है। उत्तराखंड की महिलाओं ने सदियों से लोक परंपराओं को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते दौर में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से महोत्सव में लोक संस्कृति और पारंपरिक प्रस्तुतियों को विशेष स्थान दिया गया। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, राजनीति, प्रशासन, उद्यमिता, खेल और सामाजिक क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं। नारी शक्ति को सशक्त करना समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है।

महोत्सव में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में तीज के रंग बिखेरे। लोकगीतों और लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान महिलाएं जमकर झूमीं और पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव का माहौल बना रहा। पारंपरिक अनुष्ठानों और लोक संगीत ने कार्यक्रम को उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ दिया।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट,प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत,निर्मला जोशी,जिला पंचायत टिहरी की अध्यक्ष इशिता सजवाण, सुमन उनियाल, नगर पालिका मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी, मधु चौहान, सोना सजवाण, अनिता ममगाईं, बसंती बिष्ट, रेशमा शाह, स्वराज विद्वान, कमली भट्ट सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय