उत्तराखंड में चार रोजगार मेले आयोजित करेगा तकनीकी शिक्षा विभाग
देहरादून, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार प्रदेश के 10 हजार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आगामी चार माह में चार विशेष रोजगार मेले आयोजित करेगी। तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित होने वाले इन मेलों में देश-विदेश की बहुराष्ट्रीय कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा।
विद्यालयी शिक्षा,उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने शनिवार को अपने शासकीय आवास पर तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को रोजगार मेलों के आयोजन की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि गढ़वाल मंडल में श्रीनगर और देहरादून और कुमाऊं मंडल में काशीपुर और अल्मोड़ा में रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। इनमें पॉलीटेक्निक,आईटीआई और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के पास आउट एवं अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के साथ विद्यालयी शिक्षा के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों से जुड़े युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे।
मंत्री ने कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को भी इन मेलों के माध्यम से निजी कंपनियों में रोजगार पाने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए तकनीकी शिक्षा विभाग को एक सप्ताह के भीतर निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि रोजगार मेलों में विद्यालयी शिक्षा,उच्च शिक्षा,सेवायोजन और कौशल विकास विभाग की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए जल्द ही उच्च स्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित कर मेलों की तिथियों और कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। सरकार के अनुसार अब तक 42 हजार युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है, जिसमें स्थायी, संविदा और आउटसोर्स कार्मिक शामिल हैं।
बैठक में डॉ. रावत ने विभागीय मुख्यालयों में मीडिया सेल गठित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मीडिया सेल विभागीय वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नियमित रूप से अपडेट करने के साथ सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों, विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का काम करेगा। मीडिया सेल में आईटी एवं तकनीकी रूप से दक्ष तीन कार्मिकों को जिम्मेदारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में सचिव उच्च शिक्षा बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत सिन्हा, तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय