प्रधानाचार्य हत्याकांड के विरोध में शिक्षकों ने निकाला कैंडल मार्च, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

 


पौड़ी गढ़वाल, 22 जुलाई (हि.स.)। बागेश्वर जिले के राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला (झिरौली) के प्रधानाचार्य स्वर्गीय दयानंद टम्टा की विद्यालय में कार्यरत एक कर्मचारी की ओर से कथित हत्या के विरोध में राजकीय शिक्षक संघ ने बुधवार को पौड़ी में कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजा।

राजकीय शिक्षक संघ गढ़वाल मंडल के मंडलीय अध्यक्ष जयदीप रावत के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में घटना के आरोपित को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कठोरतम दंड देने और दिवंगत प्रधानाचार्य के परिजनों को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय दिलाने की मांग की गई।

ज्ञापन में घटना की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा शिक्षकों और विद्यालयी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की गई।

इससे पूर्व शिक्षकों, कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने घटना पर शोक और रोष व्यक्त करते हुए पौड़ी बस स्टेशन से डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मारक तक कैंडल मार्च निकाला। इसके बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत प्रधानाचार्य की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को कठोरतम सजा देने और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी व्यवस्था किए जाने की मांग की।

कैंडल मार्च और श्रद्धांजलि सभा में जसपाल सिंह रावत, भवान सिंह नेगी, संग्राम सिंह नेगी, पंकज मुयाल, राकेश भारती, संतोष कुमार, चंद्रप्रकाश, अजय वेदवाल, सुबोध कुकरेती, सुबोध नेगी, हरदीप रावत, कमल रावत, रघुराज चौहान, विक्रम सिंह रावत सहित शिक्षक, कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह