देश के भविष्य काे बनाने का कार्य करता है शिक्षक: धनाई

 


नई टिहरी, 05 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक दिवस के अवसर पर चंबा ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज छापरधार में नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्त्तुति दी। स्कूल की किताब बुरांस का भी विमोचन किया गया। शनिवार को जीआईसी छापराधार के 2 करोड़ की लागत से निर्मित नए भवन का पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनाई ने लोकार्पण किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक संसाधनों को बढ़ाना होगा। यदि सुविधाएं ठीक मिलेंगी तो पढाई भी अच्छी होगी। कहा कि अपने कार्यकाल में कई स्कूलों के भवन और अन्य जरूरी कार्य उन्होंने कराए। कहा कि शिक्षक एक शिल्पी है, जो देश के भविष्य को बनाने का कार्य करता। गुरु का स्थान भगवान से भी ऊंचा माना जाता है। ऐसे में शिक्षक भी इस सम्मान को बरकरार रखें। उन्होंने स्कूल के शिक्षकों को सम्मानित किया। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गब्बर सिंह चौहान, पूर्व ज्येष्ठ उपप्रमुख नरेंद्र चंद रमोला, व्यापार मंडल अध्यक्ष बलबीर पुंडीर, लाखीराम डबराल, पूर्व प्रधान देव सिंह पुंडीर, पीटीए अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, रणवीर सिंह, हिम्मत सिंह, प्रधान विनोद डबराल मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी