रक्षाबंधन पर शिक्षक ने बच्चों को भेंट की साइकिल

 


नैनीताल, 25 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल जनपद के राजकीय प्राथमिक विद्यालय जौरासी में रक्षाबंधन के अवसर पर शिक्षक टिकेश्वर प्रसाद ने विद्यार्थियों को साइकिल भेंट की। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य बच्चों में सहयोग, समानता और साझा करने की भावना विकसित करने के साथ विद्यालय के प्रति उनका लगाव बढ़ाना है।

शिक्षक ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र में साइकिल चलाना सीखना बच्चों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। इसके अभ्यास से बच्चों में संतुलन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और निर्णय क्षमता विकसित होगी। बच्चे खाली समय का उपयोग खेलकूद के साथ साइकिल अभ्यास में कर सकेंगे, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को भी लाभ मिलेगा। एक ही साइकिल को बच्चे बारी-बारी से चलाएंगे, जिससे उनमें आपसी सहयोग और साझा करने की आदत विकसित होगी। साइकिल चलाना भविष्य में बच्चों के आवागमन, आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी उपयोगी होगा। इस दौरान विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न पौधे भी लगाए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी