प्रशासन के आश्वासन पर टला टैक्सी यूनियन का चक्काजाम

 


देहरादून, 11 मई (हि.स.)। आदि कैलाश यात्रा सीजन के बीच धारचूला में स्थानीय टै्की यूनियन और व्यापारियों के प्रस्तावित चक्काजाम फिलहाल टल गया है। तहसील प्रशासन और परिवहन विभाग के साथ पीडब्ल्यूडी डाक बंगले में हुई बैठक में अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद यूनियन ने 11 मई को होने वाले चक्काजाम को स्थगित करने का निर्णय लिया है।

साेमवार काे धारचूला तहसील में आयोजित बैठक में स्थानीय टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने बाहरी राज्यों से आने वाली टैक्सियों के संचालन पर नाराजगी जताई। यूनियन का कहना था कि बाहरी टैक्सियों के कारण स्थानीय टैक्सी संचालकों, व्यापारियों और होमस्टे संचालकों के रोजगार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। आदि कैलाश टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष परवेश नबियाल ने बताया कि परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि आर्मी तिराहे और तवाघाट क्षेत्र में बाहरी टैक्सी चालकों के हिल लाइसेंस और दस्तावेजों की जांच की जाएगी। साथ ही प्राइवेट वाहनों से यात्रियों के व्यावसायिक परिवहन पर भी कार्रवाई होगी।

बैठक में मौजूद दर्जा राज्यमंत्री ने भी टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए उनकी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने और उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

एआरटीओ अभिनव गड़कोटी ने बताया कि संयुक्त टीम द्वारा तवाघाट चौराहे पर बाहरी राज्यों से आने वाली टैक्सियों की सघन जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्राइवेट वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की जाएगी। व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह थापा ने कहा कि प्रशासन से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद बाजार बंद का निर्णय भी फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

बैठक में तहसीलदार दमन सिंह राणा, कोतवाल हरेंद्र सिंह नेगी, टूर ऑपरेटर हरीश कुटियाल, गुलाब कुटियाल, बृजेश नबियाल, आदित्य गर्ब्याल, महेश दताल, जगदीश सिंह बौद्ध सहित बड़ी संख्या में वाहन स्वामी और यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल