मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना का उठाएं लाभः इशिता

 


नई टिहरी, 18 सितंबर (हि.स.)। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से क्रीड़ा भवन सभागार में ओवरसीज प्लेसमेंट वर्कशॉप आयोजित की गई। जिसमें मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत उपलब्ध होने वाले रोजगारों पर चर्चा हुई। कहा कि विदेशों में रोजगार के बेहतर अवसर हैं, लेकिन इसके लिए स्किल डेवलपमेंट जरूरी है।

शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण और डीएम नितिका खंडेलवाल ने कार्यशाला का शुभारंभ किया। कहा कि उत्तराखंड राज्य की महत्वाकांक्षी योजना है। जिससे जापान, जर्मनी जैसे देशों में युवाओं को रोजगार मिल रहा है। खास बात यह है कि टिहरी जिले के 6 युवाओं को हाई सैलेरी पैकेज पर यहां रोजगार मिल चुका है।

ट्रेनिंग पार्टनर लर्ननेट स्किल लि. के रमेश पेटवाल ने विदेश में रोजगार के लिए आवश्यक शैक्षिक योग्यता, कौशल, प्रशिक्षण, भाषा ज्ञान, पात्रता और प्लेसमेंट प्रक्रिया की जानकारी साझा की। युवाओं को बताया गया कि आवश्यक प्रशिक्षण एवं पात्रता पूरी करने के बाद उन्हें विदेशों में रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकते हैं। कहा कि टिहरी में ही इसका प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिभागियों को न्यूनतम शुल्क जमा करना है। जिस पर 20 प्रतिशत की सब्सिडी सरकार देगी।

वहीं हॉस्टल और खाने-पीने की सुविधा भी सरकार करेगी। कार्यशाला में पूर्व में चयनित होकर जापान में कार्यरत प्रीति नेगी और सूरज नेगी के अभिभावकों को सम्मानित किया गया। 200 से अधिक छात्र-छात्राओं और युवाओं ने प्रतिभाग किया। वहीं अभिभावक भी अपने विचार और सवाल उठाए।

इस अवसर पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, पीडी-डीआरडीए ज्योति, कौशल विकास एवं सेवायोजन की उप निदेशक चंद्रकांता, डीडीओ मोहम्मद असलम, सेवायोजन अधिकारी लक्ष्मी यादव मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी