स्यानाचट्टी में तीसरे दिन भी बंद रहा यमुनोत्री हाईवे, डाइवर्जन निर्माण जारी

 




उत्तरकाशी, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तरकाशी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-134 पर स्यानाचट्टी के निकट भूस्खलन से क्षतिग्रस्त मार्ग शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी वाहनों के लिए बंद रहा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) युद्धस्तर पर मरम्मत और वैकल्पिक डाइवर्जन मार्ग तैयार करने में जुटा है, जबकि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही ट्रांसमेंट व्यवस्था के तहत पैदल मार्ग से कराई जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार गुरुवार को हुई भारी बारिश के दौरान भूस्खलन से स्यानाचट्टी के निकट राजमार्ग का बड़ा हिस्सा वॉशआउट हो गया था, जिसके बाद से इस मार्ग पर वाहनों का संचालन पूरी तरह ठप है। एनएचएआई की मशीनें और कर्मी लगातार क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में लगे हैं। हालांकि भारी नुकसान के कारण यातायात सामान्य होने में अभी कुछ समय लग सकता है।

प्रशासन ने यात्रियों के लिए अस्थायी पैदल मार्ग तैयार कराया है। श्रद्धालुओं को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र पैदल पार कराने के बाद दूसरी ओर उपलब्ध वाहनों से उनके गंतव्य तक भेजा जा रहा है, जिससे यमुनोत्री धाम की यात्रा बाधित न हो।

इस बीच जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को स्यानाचट्टी के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात शीघ्र बहाल करने के लिए वैकल्पिक मार्ग का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा करने और आवश्यक मशीनरी और संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने एनएच बड़कोट के अधिशासी अभियंता को स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर निर्माणाधीन पुल का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। राहत, बचाव और पुनर्बहाली कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी। उन्होंने वैकल्पिक पैदल मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर रस्सियां, सोलर लाइट तथा अन्य सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग द्वारा यमुना नदी में चल रहे चैनलाइजेशन कार्यों का भी निरीक्षण किया और नदी के प्रवाह में बाधा बने मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि मार्ग को शीघ्र सुचारु करने के लिए मशीनें और श्रमिक लगातार कार्य कर रहे हैं और यातायात बहाली के सभी प्रयास युद्धस्तर पर जारी हैं।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय