पौड़ी में मिठाई में कीड़ा मिलने की शिकायत, विभाग ने लिए नमूने

 

पौड़ी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के पौड़ी शहर में एक मिठाई की दुकान से खरीदी गई मिठाई में कीड़ा मिलने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकान का निरीक्षण कर मिठाइयों के नमूने लिए हैं।

शिकायतकर्ता जसपाल नेगी के अनुसार,उन्होंने गुरुवार को करवा चौथ के लिए बस स्टेशन स्थित फ्रंटियर होटल से आधा किलो मिक्स मिठाई खरीदी थी। घर पहुंचकर मिठाई खोलने पर नारियल बर्फी में करीब एक इंच लंबा कीड़ा दिखाई दिया।

नेगी ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत दुकानदार से की, लेकिन दुकानदार ने आरोप को खारिज कर दिया। इसके बाद उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराई।

सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल ने शुक्रवार को बताया कि विभागीय टीम ने दुकान का निरीक्षण कर मिठाइयों के नमूने लिए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही गुणवत्ता में कमी की पुष्टि हो सकेगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह