गंगा में कचरा डालना बंद करें, गंगा की स्वच्छता सभी की जिम्मेदारी: अम्बरीष
हरिद्वार, 31 जुलाई (हि.स.)। गंगा समग्र के तत्वावधान में गोविंद घाट पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री अम्बरीष के आगमन के उपलक्ष्य में घाट स्वच्छता अभियान और भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रांत प्रमुख रेशू चौधरी ने किया, जबकि तरुण सिरोही ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।कार्यक्रम की शुरुआत गोविंद घाट पर स्वच्छता अभियान से हुई, जिसमें कार्यकर्ताओं ने गंगा तट और घाट पर फैली गंदगी को साफ कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माँ गंगा की भव्य आरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री अम्बरीष ने गंगा तट पर पड़े गंदे कपड़ों, प्लास्टिक और अन्य कचरे को देखकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि माँ गंगा करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं। उन्हें प्रदूषित करना हमारी संस्कृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति अन्याय है। उन्होंने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की कि गंगा में पुराने कपड़े, प्लास्टिक, पूजा सामग्री या किसी भी प्रकार का कचरा न डालें तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।
समाजसेवी दिनेश मलिक ने कहा कि सरकार और प्रशासन के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी से ही गंगा को निर्मल और अविरल बनाए रखने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में प्रांत प्रमुख रेशू चौधरी के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने माँ गंगा की स्वच्छता, संरक्षण और जनजागरण के लिए निरंतर अभियान चलाने का संकल्प लिया, ताकि गंगा संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके। इस अवसर पर तरुण सिरोही, सुधीर बालियान, अमित तिवारी, शुभम, दीपक, अंकित, आकाश, प्रमोद कुमार, अभिषेक, ऋषभ, राधे कृष्ण शर्मा, गजेंद्र चौहान, सतीश पाल, पवन पाल, तेज पाल, राकेश ठाकुर, गोपाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला