जनसहभागिता से हरिद्वार बनेगा देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर: डीएम
हरिद्वार, 27 अक्टूबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के मद्देनजर हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि जनसहयोग से हरिद्वार को उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित अभियान के तहत गंगा घाटों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की जा रही है। अभियान में सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, साधु-संतों, धार्मिक संस्थानों, होटल एसोसिएशनों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षण संस्थानों का भी सहयोग मिल रहा है।
डीएम ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सभी लोग खुले में अथवा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें और कचरे को निर्धारित स्थानों पर ही डालें। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत भी अपनाएं। गंगा और उसके घाटों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि सड़क, घाट या किसी अन्य सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा दिखाई देने पर कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8273371714 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही हरिद्वार की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गरिमा को बनाए रखना है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों और विभिन्न संगठनों से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से हरिद्वार को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला