योग समर कैंप में बच्चे सीख रहे हैं सेहत और संस्कार के गुर

 

हरिद्वार, 18 जून (हि.स.)। बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें मोबाइल और गैजेट्स की बढ़ती निर्भरता से दूर रखने के उद्देश्य से गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के योग विज्ञान विभाग की ओर से सात दिवसीय विशेष योग समर कैंप आयोजित किया जा रहा है।

समर कैंप में योगासन और प्राणायाम के माध्यम से बच्चों की लंबाई, एकाग्रता, शारीरिक लचीलापन और मानसिक संतुलन को विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत ताड़ासन, वृक्षासन, पद्मासन और भ्रामरी प्राणायाम जैसे महत्वपूर्ण अभ्यास कराए जा रहे हैं।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा एवं कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार ने शिविर में प्रतिभाग कर रहे बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विभाग की यह पहल बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य के साथ-साथ भारतीय योग एवं प्राचीन ज्ञान-संस्कृति के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

शिविर का संचालन कर रहे डॉ. ऊधम सिंह ने बताया कि योग न केवल शरीर को मजबूत बनाता है, बल्कि मानसिक विकास, एकाग्रता और रचनात्मकता को भी नई दिशा प्रदान करता है।

प्रतिदिन प्रातः 6.30 बजे आयोजित हो रहे इस शिविर में प्रशिक्षक रम्मी कौर, किरण यादव एवं अंजलि पाल बच्चों को योग प्रशिक्षण दे रहे हैं। कार्यक्रम में वेदांश, जान्हवी, डॉ. योगेश्वर दत्त, डॉ. राजीव शर्मा, डॉ. निष्कर्ष शर्मा, डॉ. संदीप वेदालंकार, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. अंकित कुमार, डॉ. मनोज कुमार सहित अनेक प्रतिभागी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला