सूखाताल झील में स्वच्छता अभियान चलाकर किया पौधरोपण
नैनीताल, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सूखाताल झील परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान झील और आसपास के क्षेत्र से प्लास्टिक, कांच की बोतलें, खाद्य सामग्री के रैपर तथा अन्य अपशिष्ट एकत्र कर सफाई की गई। अभियान के अंत में पौधरोपण भी किया गया।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप मणि त्रिपाठी ने बताया कि सूखाताल झील के निरीक्षण के दौरान पैदल मार्ग और आसपास के क्षेत्र में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक व अन्य गैर-जैव अपघटनीय कचरा मिला था। साथ ही सार्वजनिक बेंचों का असामाजिक तत्वों द्वारा दुरुपयोग किए जाने की शिकायतें भी सामने आई थीं। इस संबंध में 30 जून को नगर पालिका परिषद नैनीताल के अधिशासी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया था, जिसकी प्रति जिलाधिकारी को भी प्रेषित की गई थी।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन से विकसित परिसंपत्तियों का नियमित अनुरक्षण और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। इसी क्रम में उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष के निर्देश पर यह अभियान आयोजित किया गया।
अभियान में झील विकास प्राधिकरण,नगर पालिका परिषद नैनीताल तथा विभिन्न विद्यालयों के लगभग 350 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने 'ना गंदगी करेंगे, ना किसी को करने देंगे' का संकल्प लिया।
अभियान में विशेष कार्याधिकारी हर्ष यादव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, नगर पालिका के अधिशासी अभियंता रोहिताश सागर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वच्छता कर्मी, वन विभाग के कर्मचारी, पराविधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) एवं अधिकार मित्र मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी