कमेटी के जाल में फंसी महिला की मौत, पांच लोगों पर मुकदमा

 


-45 लाख रुपये और जेवर हड़पने का आरोप

हरिद्वार, 02 जून (हि.स.)। नगर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है।

मृतका के पिता ने पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, मानसिक उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि कमेटी (चिट फंड) के नाम पर महिला से लाखों रुपये और सोने के आभूषण हड़प लिए गए, जिसके बाद लगातार प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के नगीना निवासी आलोक जैन ने नगर कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री पूजा गुप्ता का विवाह वर्ष 2011 में हरिद्वार के भूपतवाला निवासी शरद गुप्ता के साथ हुआ था। दंपति के दो बच्चे भी हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भूपतवाला निवासी अजय गोस्वामी और काजल ने पूजा गुप्ता को कमेटी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया था।

आलोक जैन का आरोप है कि कमेटी संचालन के दौरान अजय गोस्वामी और काजल ने उनकी पुत्री के करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण अपने पास रख लिए। इसके अलावा ज्योति उपाध्याय, मीनाक्षी उपाध्याय समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर कमेटी के नाम पर लगभग 30 लाख रुपये भी हड़प लिए गए। जब पूजा ने अपनी धनराशि और आभूषण वापस मांगने शुरू किए तो उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि 19 मई को पूजा गुप्ता को अजय गोस्वामी के घर बुलाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। इस घटना की शिकायत सप्तऋषि चौकी में भी की गई थी। परिजनों के अनुसार, 21 मई को अत्यधिक मानसिक तनाव और प्रताड़ना से परेशान होकर पूजा ने अपनी पीड़ा मोबाइल फोन में रिकॉर्ड की और आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 22 मई को उसकी मृत्यु हो गई।

इस मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब आत्महत्या से पहले महिला द्वारा रिकॉर्ड किए गए कथित वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वायरल ऑडियो में पूजा कुछ लोगों पर कमेटी के रुपये और आभूषण हड़पने के आरोप लगाती सुनाई दे रही है।

मृतका के पिता ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और ऑडियो की भी जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को प्राथमिकता पर रखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला