संघर्ष से सफलता तक की कहानी सुनाकर युवाओं को दिखाई आगे बढ़ने की राह
- प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के तीसरे सत्र में अतिथियों ने साझा किए जीवन के प्रेरक संस्मरण
- पुरोला, सेम मुखेम और थराली जैसे क्षेत्रों से निकलकर देश-दुनिया में बनाई पहचान
- युवाओं को संदेश- चुनौतियों से न घबराएं, कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर नए प्रयोग करें
देहरादून, 13 नवंबर (हि.स.)। संघर्ष, संकल्प और आत्मविश्वास के दम पर सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों ने शुक्रवार को युवाओं के साथ अपनी जीवन यात्रा के अनुभव साझा किए। प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के तीसरे सत्र में देश-दुनिया में अपनी पहचान बना चुके अतिथियों ने बताया कि सामान्य परिस्थितियों और छोटे स्थानों से निकलकर भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से चुनौतियों को स्वीकारने, असफलताओं से सीखने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
सम्मेलन का यह सत्र युवाओं को समर्पित रहा। इसमें वैज्ञानिकों, उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों, कलाकारों और अन्य क्षेत्रों में पहचान बनाने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों ने अपने संघर्ष के अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि सफलता के लिए जरूरी है कि युवा अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखें और सुविधाजनक दायरे से बाहर निकलकर नए अवसरों की तलाश करें।
चमोली जिले के थराली क्षेत्र के सामान्य परिवार से निकलकर कैम्ब्रिज तक पहुंचे वैज्ञानिक और भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु के सहायक प्रोफेसर डॉ. भगवती प्रसाद जोशी ने अपनी संघर्ष यात्रा के विभिन्न पड़ाव साझा किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। युवाओं को नए तकनीकी क्षेत्रों में रुचि लेकर उत्साहपूर्वक काम करना चाहिए।
उत्तराखंड की सबसे कम उम्र की जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने बताया कि दिल्ली में उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने वापस टिहरी लौटकर स्थानीय राजनीति में सक्रिय होने का निर्णय लिया। उन्होंने युवाओं से खुद को चुनौती देने, ठोस काम करने और कंफर्ट जोन से बाहर निकलने का संदेश दिया।
पिथौरागढ़ जैसे सीमांत क्षेत्र में अपनी आईटी कंपनी के माध्यम से शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में काम कर रहे जितेंद्र हनेरू ने युवाओं को पढ़ाई के दौरान ही स्टार्टअप की दिशा में प्रयास शुरू करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नए प्रयोग करते समय सफलता और असफलता की चिंता करने के बजाय अनुभव हासिल करने पर ध्यान देना चाहिए।
टिहरी के सेम मुखेम से निकलकर कई देशों में कारोबार का विस्तार करने वाले उद्यमी राजेश राणा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि परिस्थितियों के अनुसार स्वयं को ढालना जरूरी है। कोई भी काम छोटा नहीं होता और शुरुआत में छोटे अवसर मिलने पर भी हिचकना नहीं चाहिए।
पुरोला के सेवक नौटियाल ने बताया कि उन्होंने अपनी तकनीक आधारित कंपनी के माध्यम से कारोबार को देश-दुनिया तक पहुंचाया है। उन्होंने युवाओं से उद्यमिता अपनाने और अपने सपनों को साकार करने के लिए पहल करने का आह्वान किया।
'बालिका वधू' धारावाहिक से पहचान बनाने वाली अल्मोड़ा की अभिनेत्री रूप दुर्गापाल ने बताया कि वह पहले इंजीनियरिंग की नौकरी कर रही थीं, लेकिन जीवन में आए एक बदलाव ने उन्हें मुंबई तक पहुंचा दिया। उन्होंने कहा कि करियर को लेकर युवाओं और अभिभावकों के बीच खुला संवाद होना चाहिए, ताकि युवा अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार निर्णय ले सकें।
लोक कलाकार कविलास नेगी ने गीतों के महत्व पर विचार रखे और अपना प्रसिद्ध गीत 'पाड़ी-पाड़ी मत बोलो' प्रस्तुत किया। वहीं, उद्यमी शैलेश उप्रेती का रिकॉर्डेड वीडियो संदेश भी सत्र में प्रसारित किया गया। इसमें उन्होंने दून विश्वविद्यालय में बैटरी इनोवेशन सेंटर स्थापित करने के प्रस्ताव पर राज्य सरकार से विचार करने का अनुरोध किया।
इससे पहले दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने स्वागत एवं परिचय संबोधन में कहा कि जेन-जी भी पिछली पीढ़ियों की तरह ही सोचती है, लेकिन तकनीकी युग में होने के कारण उनकी कार्य गति तेज है। सामान्य परिस्थितियों से निकलकर सफलता हासिल करने वालों के अनुभव युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने कहा कि नई पीढ़ी आत्मविश्वास से भरी है और विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा काम कर रही है। पहले के समय में लोगों के पास सीमित जानकारी होती थी, जबकि आज युवाओं के सामने ज्ञान और अवसरों का व्यापक संसार है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों में मेहनत, संघर्ष और ईमानदारी की भावना रही है। राज्य में विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भी नए अवसर विकसित हो रहे हैं। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
सत्र का संचालन दून विश्वविद्यालय के प्रो. हर्ष डोभाल ने किया। उत्तराखंडी प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश भट्ट ने चर्चा में शामिल अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय