सरस्वती विहार के विद्यार्थियों ने किया एरीज में वैज्ञानिक भ्रमण
नैनीताल, 24 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल स्थित पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार के जूनियर विंग के विद्यार्थियों ने आर्यभट्ट प्रेक्षणीय विज्ञान शोध संस्थान का शैक्षिक भ्रमण कर खगोल विज्ञान का व्यावहारिक अध्ययन किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से सूर्य का अवलोकन किया तथा खगोलीय घटनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
संस्थान के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को अनुसंधान प्रक्रियाओं एवं वैज्ञानिक गतिविधियों से अवगत कराते हुए जटिल विषयों को सरल रूप में समझाया। अत्याधुनिक तकनीकों और शोध कार्यों को निकट से देखने पर विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा एवं उत्साह में वृद्धि देखी गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश ने कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं और उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन में सहयोग के लिए संस्थान एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी