कोट विकासखंड स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी मे मीनाक्षी ने मारी बाजी

 


पौड़ी गढ़वाल, 08 सितंबर (हि.स.)। राजकीय इंटर कॉलेज खोलाचौंरी में कोट विकासखंड स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी में 14 विद्यालयों के 24 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर ऊर्जा के भविष्य को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में राइंका खंडूखाल की मीनाक्षी ने प्रथम, इसी विद्यालय की रिया ने द्वितीय तथा राइंका कोट के शौर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब जिला स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

संगोष्ठी का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश आर्य ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषय पर इस तरह की संगोष्ठियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ ही स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देती हैं।

विज्ञान ब्लॉक समन्वयक रश्मि सेमवाल ने संगोष्ठी के विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए वर्ष 2047 तक ऊर्जा के क्षेत्र में निर्धारित लक्ष्यों, संभावनाओं और चुनौतियों की जानकारी दी।

निर्णायक मंडल में गीता भंडारी, ममता उनियाल और दिगंबर सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संगोष्ठी का संचालन कैलाश पंवार और वीरेंद्र खंकरियाल ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर रीता राणा, सुलोचना ममगाईं, विपिन कुमार, हरीश मोहन, अजय कर्नाटक, सीमा देवी, कुलदीप सिंह नेगी, शंभू प्रसाद जोशी, दुर्गा प्रसाद जोशी, संतोष बिष्ट, रंजन रावत, महेंद्र रावत, विद्योत्तमवस्ती, वंदना शाह और वंदना ध्यानी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह