टिहरी के विद्यालय में मोबाइल आधारित ईवीएम से हुआ छात्र संसद का चुनाव,सृष्टि बनीं अध्यक्ष
लंबगांव/नई टिहरी, 26 जुलाई (हि.स.)। गौरव शिक्षा निकेतन, कंडियाल गांव में छात्र संसद का गठन किया गया। विद्यालय में पहली बार मोबाइल आधारित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से मतदान कराकर छात्र प्रतिनिधियों का चुनाव कराया गया।
रविवार को आयोजित चुनाव में सृष्टि अध्यक्ष, दीपांशी उपाध्यक्ष, श्रेया प्रधानमंत्री और रवि सिंह उप प्रधानमंत्री निर्वाचित हुए। वहीं अंशिका को वंदना प्रमुख, इशिका को सह-वंदना प्रमुख, वंदना को क्रीड़ा प्रमुख, लक्की सिंह को सेनापति, दृष्टि को उद्यान प्रमुख तथा वैष्णवी को स्वच्छता प्रमुख चुना गया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद प्रधानाचार्य सुरेश उमरियाल ने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
विद्यालय के प्रबंधक गुलाब सिंह पंवार ने कहा कि मोबाइल आधारित ईवीएम के माध्यम से मतदान कराने का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल मतदान प्रणाली और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, ताकि उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूकता विकसित हो सके।
इस अवसर पर अभिषेक राणा, बिपिन रावत, कृष्णा पंवार, मनीषा पंवार, संपत रावत, शिवानी, ज्योति और पूजा रावत सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय