एमबीपीजी कॉलेज में मतदान के बाद छात्रों के दो गुट भिड़े मारपीट में छात्र घायल

 

हल्द्वानी , 29 सितंबर (हि.स.) एमबीपीजी कॉलेज में मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद मंगलवार को कॉलेज परिसर के बाहर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान छात्राओं के बीच भी लात-घूंसे चले, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नैनीताल रोड स्थित कॉलेज के बाहर मतदान समाप्त होने के कुछ देर बाद छात्रों के दो गुटों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। मारपीट के दौरान एक छात्रा के सिर में चोट लग गई और वह घायल हो गई। साथियों ने घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।हंगामा बढ़ने पर कॉलेज के बाहर बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हो गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

पुलिस ने लाठी फटकार कर हंगामा कर रहे छात्रों को मौके से खदेड़ा, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।घटना के बाद कॉलेज के बाहर कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। मारपीट की वास्तविक वजह और इसमें शामिल छात्रों के संबंध में पुलिस की जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता