दिल्ली में जंतर-मंतर में लाठीचार्ज के विरोध में किया प्रदर्शन
पौड़ी गढ़वाल, 22 जुलाई (हि.स.)। पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही अनियमितताओं के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को जिला मुख्यालय पौड़ी में युवा कांग्रेस के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का पुतला दहन किया तथा छात्रों के साथ हुई घटना की कड़ी निंदा की। बुधवार को प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक मोहित सिंह व प्रदेश उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस आशीष नेगी ने कहा कि देश का युवा लगातार रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और निष्पक्ष परीक्षाओं की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रख रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतंत्र की मूल भावना के विरुद्ध है और यह युवाओं के संवैधानिक अधिकारों का भी हनन है। युवा कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देशभर में अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और भर्ती घोटालों के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद भी युवाओं को न्याय नहीं मिल रहा है।
इसके बावजूद जब छात्र अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करते हैं तो उन पर लाठीचार्ज किया जाता है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। कहा कि सरकार को युवाओं की आवाज सुननी चाहिए, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए तथा भर्ती और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाना चाहिए। छात्रों पर बल प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। प्रदर्शन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का पुतला दहन करते हुए प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए, लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए व छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए।
इस मौके पर एनएसयूआई के प्रदेश सचिव मुकुल कुमार, आयुष थपलियाल, अमन नेगी, पारस रावत, सजना गुजराल, अर्जुन गोदियाल, हर्ष जैन, विनोद धनोशी, आस्कर रावत, राजेश भंडारी आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह