टिहरी के जिला अस्पताल में ऑपरेशन कर निकाली पथरी
नई टिहरी, 22 अगस्त (हि.स.)। टिहरी के जिला अस्पताल बौराड़ी में कुशल चिकित्सकों की टीम ने एक स्थानीय युवक के मूत्राशय की जटिल शल्य चिकित्सा कर दो बड़ी पथरियां निकालने में सफलता प्राप्त की है। बताया गया कि दोनों पथरियां मूत्राशय की दीवार से चिपकी हुई थी। अस्पताल के सर्जन डॉ. मिथुन विश्वास के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने शनिवार को शल्य प्रक्रिया के माध्यम से दोनों पथरियों को सफलतापूर्वक निकाला।
डॉ. विश्वास ने बताया कि मूत्राशय की दीवार से पथरियों के चिपके होने के कारण शल्य चिकित्सा चुनौतीपूर्ण थी। अस्पताल के सीएमएस डॉ. बृजेश डोभाल ने सफल ऑपरेशन करने के लिए डॉक्टरों की टीम को बधाई दी है। बताया टीम ने बेहतर समन्वय, दक्षता और सावधानी के साथ शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक पूरी की। बताया ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि अस्पताल में मरीजों को उचित सेवाएं देने के साथ ही परामर्श दिया जा रहा है। जिसके लिए सभी का सहयोग भी जरूरी है। ऑपरेशन टीम में डॉ. नीतिश कुमार, डॉ. जफीर, डॉ. ऋचा शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी