चिह्नीकरण में देरी से राज्य आंदोलनकारियों में रोष, अगस्त अंत में होगा प्रदेश स्तरीय सम्मेलन

 


देहरादून, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच ने राज्य आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। रविवार को शहीद स्मारक में आयोजित मंच की बैठक में चिह्नीकरण प्रक्रिया में तेजी लाने और अगस्त माह के अंत में प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की गई।

मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती और राधा तिवारी ने कहा कि शासन की कथित हीलाहवाली के चलते जिलों में चिन्हीकरण प्रक्रिया को लेकर अपेक्षित पहल नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि इससे पिछले स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणा के अनुपालन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष नेगी ने कहा कि अगस्त के अंत में प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मिलकर तैयारी करनी होगी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में राज्य के महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ राज्य आंदोलनकारियों से जुड़े विषयों पर सत्रवार चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए जाने की भी बात कही गई।

राजेंद्र बहुगुणा, शुभागा फर्स्वाण और युद्धवीर सिंह चौहान ने कहा कि नौ माह बीतने के बाद भी अधिकारियों की कार्यशैली में अपेक्षित तेजी नहीं आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चिह्नीकरण प्रक्रिया में देरी से राज्य आंदोलनकारियों की उपेक्षा हो रही है। इससे शहीद परिवारों और आंदोलनकारियों में नाराजगी बढ़ रही है।

रामलाल खंडूड़ी और सुरेंद्र रावत ने कहा कि प्रदेश स्तरीय सम्मेलन को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही पदाधिकारियों की तैयारी बैठक आयोजित कर सम्मेलन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक का संचालन पूरण सिंह लिंगवाल ने किया,जबकि अध्यक्षता पुष्पलता सिलमाणा ने की।

बैठक में मंच के प्रदेश अध्यक्ष के अलावा विशम्भर दत्त बौंठियाल, रामलाल खंडूड़ी, प्रदीप कुकरेती, भरत सिंह पड़ियार, पूरण सिंह लिंगवाल, सुरेश नेगी, रतन अमोली, मोहन खत्री, गणेश डंगवाल, चंद्र किरण राणा, ललित जोशी, प्रताप पंवार, मोहन थापा, सुशील चमोली, सुनील नौगाईं, मनोज नौटियाल, यशोदा रावत, राधा तिवारी, द्वारिका बिष्ट, सुशीला चंदोला, राजेश्वरी नेगी, हरी सिंह मेहर, क्रांति अभिषेक बिष्ट, उमेश रावत, साबी नेगी, सुबोधिनी भट्ट, सुलोचना नोडियाल, दुर्गा बहादुर, सुभागा फर्शवाण, गीता नेगी, देवेश्वरी गुसाईं, सुलोचना मेंदौला, आशा नौटियाल और आशा डंगवाल सहित अन्य मौजूद रहे।

_______________

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय