एसएसपी ने पुलिस लाइन का किया वार्षिक निरीक्षण

 


देहरादून, 27 मार्च (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमेंद्र सिंह डोभाल ने शुक्रवार को पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी लेते हुए पुलिस कर्मियों की दक्षता का परीक्षण किया और स्वयं दौड़ कर शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का संदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस लाइन स्थित विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया। शस्त्रागार (आरमरी) के निरीक्षण में उन्होंने उपलब्ध शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई और उनकी सही हैंडलिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही अधीनस्थ कर्मियों को शस्त्र संचालन का नियमित अभ्यास कराने को कहा। स्टोर कार्यालय में एंटी-रायट उपकरण, बुलेटप्रूफ जैकेट सहित अन्य सामग्री का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। रजिस्टरों और अभिलेखों का भी अवलोकन कर उन्हें अद्यतन रखने को कहा गया।

आवासीय परिसर, बैरकों और भोजनालय के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। भोजनालय में कर्मियों को उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस लाइन परिसर स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल का निरीक्षण करते हुए एसएसपी ने अध्यापन कार्यों की जानकारी ली और छात्र हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। परिवहन शाखा के निरीक्षण के दौरान वाहनों की फिटनेस और रखरखाव की समीक्षा की गई। इस दौरान वाहन चालक सूबेदार सिंह को लॉग बुक के बेहतर रख-रखाव के लिए नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

निरीक्षण के उपरांत एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय