पौड़ी में सघन चेंकिग अभियान में संदिग्धों पर नजर

 

पौड़ी गढ़वाल, 24 नवंबर (हि.स.) जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पौड़ी पुलिस ने सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें लगातार निगरानी कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही हैं।

एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि अभियान के तहत प्रमुख मार्गों, जनपद के प्रवेश एवं निकास मार्गों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चेकिंग की जा रही है। पुलिस बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और बिना सत्यापन रह रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, सड़क सुरक्षा को लेकर भी पुलिस सख्ती बरत रही है। चेकिंग के दौरान दोपहिया वाहनों पर चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा वाहनों के जरूरी दस्तावेजों और चालकों की पहचान की जांच भी की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह