गैंगबाजी और रीलबाजों पर पुलिस कसेगी शिकंजा

 


हरिद्वार, 20 जून (हि.स.)। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में मई माह की अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में एसपी क्राइमव ट्रैफिक, एसपी सिटी,एसपी देहात समेत सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान मई माह में चारधाम यात्रा, सड़क सुरक्षा और आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने हाल ही में सामने आए बच्चा चोरी के तीनों चर्चित मामलों के सफल खुलासे और बच्चों की सकुशल बरामदगी पर पुलिस टीमों की सराहना की।

एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कम उम्र के युवाओं द्वारा गैंग बनाकर किए जा रहे उत्पात पर विशेष निगरानी रखी जाए। सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ रील बनाकर धौंस जमाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों को समय से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने में पुलिस कर्मियों की भूमिका की भी सराहना की गई। एसएसपी ने कहा कि पुलिस मुख्यालय स्तर पर भी हरिद्वार पुलिस के कार्यों की प्रशंसा हुई है।

बैठक में डायल.112 से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण, ऑनलाइन शिकायतों को गंभीरता से लेने, महिला अपराधों में पीड़िताओं से सीधे संवाद स्थापित करने, स्कूलों के आसपास पुलिस उपस्थिति बढ़ाने तथा बैंक व सर्राफा बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने कहा कि अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय अपराध को होने से रोकना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला