श्रीनगर में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति के लिए 65.29 करोड़ की योजना स्वीकृत
पौड़ी गढ़वाल, 3 अक्टूबर (हि.स.)। श्रीनगर शहर में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 65 करोड़ 29 लाख रुपये की पेयजल योजना को स्वीकृति मिली है। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत के अनुसार योजना से शहर के प्रत्येक परिवार को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
डॉ. रावत ने कहा कि श्रीनगर में चौबीस घंटे पेयजल आपूर्ति लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग रही है। योजना को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके तहत आगामी 50 वर्षों में संभावित आबादी के अनुरूप पेयजल ढांचा विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध होने से शहर के लोगों को राहत मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
डॉ. रावत के अनुसार, पूर्व में श्रीनगर में दूषित पेयजल की शिकायत सामने आने पर उनके प्रयासों से जीवीके की नहर में छेद कर नगरवासियों के लिए शुद्ध पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था कराई गई थी। अब नई योजना के माध्यम से शहर की पेयजल समस्या का दीर्घकालिक समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
योजना की स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों ने डॉ. धन सिंह रावत के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष गिरीश पैन्यूली, जिला महामंत्री गणेश भट्ट, मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमिला भंडारी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष जगमोहन नेगी, नगर निगम मेयर आरती भंडारी, पार्षदों सहित भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह