स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के निर्माण कार्यों का कल होगा शुभारंभ, खेल मंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा
देहरादून, 27 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को उत्तराखंड के खेल क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। हल्द्वानी के गोलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आयोजित समारोह में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का शिलान्यास और भूमि पूजन किया जाएगा।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को राज्य सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर समारोह की तैयारियों की समीक्षा की और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल विश्वविद्यालय की स्थापना देवभूमि के युवाओं और खेल जगत के लिए ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के माध्यम से राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और खेल विज्ञान से जुड़ी सुविधाएं प्रदेश में ही उपलब्ध हो सकेंगी।
रेखा आर्या ने कहा कि खेल विश्वविद्यालय की स्थापना उनका लंबे समय से देखा गया महत्वाकांक्षी सपना था, जो अब धरातल पर साकार होने जा रहा है।
समारोह के दौरान अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि का डीबीटी के माध्यम से सीधे अंतरण किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी एवं प्रोत्साहन योजना के तहत चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। साथ ही वर्ष 2024-25 के लिए देवभूमि खेल रत्न और देवभूमि द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किए जाने वाले उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार राशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय