पतंजलि विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन, थांग-टा प्रतियोगिता में जीते 17 पदक

 


हरिद्वार, 17 अप्रैल (हि.स.)। पतंजलि विश्वविद्यालय के खिलाडि़यों ने अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय थांग-टा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 17 पदक जीतकर विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता मणिपुर विश्वविद्यालय, इंफाल में 6 से 9 अप्रैल के बीच आयोजित हुई, जिसमें देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के खिलाडि़यों ने भाग लिया।

विश्वविद्यालय प्रशासन और खेल विभाग ने सभी खिलाडि़यों को इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए गौरव का विषय है, बल्कि आने वाले खिलाडि़यों के लिए प्रेरणा का भी स्रोत बनेगी।

पतंजलि विश्वविद्यालय की टीम ने प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण, 1 रजत और 14 कांस्य पदक हासिल किए। खिलाडि़यों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन को विश्वविद्यालय के अब तक के श्रेष्ठ प्रदर्शनों में गिना जा रहा है। टीम ने कुल 11 विभिन्न भार वर्गों में पदक जीतकर अपनी व्यापक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का परिचय दिया।

स्वर्ण पदक विजेता: बीपीईएस द्वितीय वर्ष की छात्राएं रिया गौर और कीर्ति ने 64 किलोग्राम से कम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

रजत पदक विजेता: मानसी (बीपीईएस द्वितीय वर्ष) ने 76 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में रजत पदक जीतकर टीम के खाते में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कांस्य पदक विजेता: पूजा, सोनिया, नैना, अभिषेक, भावना, अतुल, गौरी, सलोनी, माही, पलक, प्रिंस, योगिंदर, कार्तिकेय और हृषभ सहित अन्य खिलाडि़यों ने कांस्य पदक जीतकर टीम की मजबूती और निरंतरता को साबित किया।

इस उपलब्धि का एक विशेष पहलू यह रहा कि बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (बीपीईएस) के विद्यार्थियों ने कुल 17 में से 16 पदक जीतकर अपनी उत्कृष्ट तैयारी और प्रभुत्व को दर्शाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला