खेल मंत्री ने समतलीकरण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश

 




हल्द्वानी, 02 जून (हि. स.)। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि गौलापार स्थित प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समतलीकरण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश।

वन विभाग से भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद खेल मंत्री रेखा आर्या पहली बार गौलापार स्थित प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय परिसर पहुंचीं। इस दौरान वह भावुक नजर आईं और उन्होंने भूमि की पावन मिट्टी को माथे से लगाकर नमन किया।

निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे भूमि समतलीकरण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। वर्तमान में परिसर में भूमि समतलीकरण, झाड़ियों की सफाई और अन्य प्रारंभिक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर रेखा आर्या ने कहा कि यह भूमि केवल जमीन का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि उत्तराखंड के लाखों खिलाड़ियों के सपनों का आधार है। उन्होंने कहा, एक खेल मंत्री के रूप में मेरे लिए यह स्थान किसी तीर्थस्थल से कम नहीं है। यहीं से प्रदेश के खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान मिलेगी और भविष्य के राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार होंगे।

उन्होंने कहा कि मिट्टी को माथे से लगाते समय उनके मन में उन खिलाड़ियों का संघर्ष, समर्पण और उम्मीदें उभर आईं, जो वर्षों से बेहतर खेल सुविधाओं और अवसरों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। यह विश्वविद्यालय प्रदेश के खेल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा।

खेल मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व और दृढ़ संकल्प के चलते यह महत्वाकांक्षी परियोजना अब धरातल पर उतर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि खेल विश्वविद्यालय उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

निरीक्षण के दौरान खेल उपनिदेशक राशिका सिद्दकी, जिला खेल अधिकारी निर्मला पंत, वरुण बेनीवाल, सतीश कुमार सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता