चारधाम यात्रा से पहले सड़कों की मरम्मत तेज, दिन-रात निर्माण कार्य जारी

 


हरिद्वार, 02 मई (हि.स.)। चारधाम यात्रा के दृष्टिगत हरिद्वार शहर में सीवरेज कार्यों के कारण खोदी गई सड़कों को तेजी से दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के बाद संबंधित विभागों और ठेकेदारों द्वारा दिन-रात निर्माण कार्य कराया जा रहा है, ताकि स्थानीय जनता, व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत हर हाल में पूरी कर ली जाए। इन निर्देशों के अनुपालन में निर्माण कार्यों की गति तेज कर दी गई है।

परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई, गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम की अधिकारी ने शनिवार काे बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के अंतर्गत पैकेज 01 और पैकेज 02 में सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। एक ही दिन में 111.2 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया है।

प्रशासन का कहना है कि सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। सड़कों की शीघ्र मरम्मत से न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला