अपडेट -पौड़ी के कुंडाधार में गहरी खाई में गिरी बोलेरो, परिवार के पांच लोगों की मौत
पौड़ी गढ़वाल, 07 अगस्त (हि.स.)। पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर कुंडाधार के पास शुक्रवार को एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार छह लोगों में से पांच की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया।
सूचना मिलते ही देवप्रयाग थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे थाना देवप्रयाग को पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर कुंडाधार के निकट वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। जांच में पता चला कि एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी थी।
हादसे में अफजाल पुत्र अकबर सूफी (49), शब्बो पत्नी अफजाल (40), अन्नाविया पुत्री अफजाल (3), शादाब पुत्र अफजल (14) और गुफरान पुत्र अकबर (34) की मौत हो गई। सभी रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के निवासी बताए गए हैं। हादसे में घायल अरमान पुत्र अफजल, निवासी रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, हरिद्वार को पुलिस और एसडीआरएफ ने खाई से सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उसे उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह