राज्यपाल के साथ 150 लाेगाें ने करवाई स्वास्थ्य जांच

 


नैनीताल, 25 जून (हि.स.)। नैनीताल लोक भवन में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लगभग 150 स्वास्थ्य जांचें और 15 ईसीजी परीक्षण किए। शिविर में प्रतिभागियों को विभिन्न रोगों से संबंधित चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं एवं स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों से संवाद कर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और समय पर चिकित्सकीय परामर्श को गंभीर बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक बताया। शिविर में बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुधांशु सिंह, जनरल फिजिशियन डॉ. अभिषेक गुप्ता व डॉ. शादन अली, नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. दीपिका लोहनी, पैथोलॉजिस्ट डॉ. प्रियांशु तथा मनोचिकित्सक डॉ. गरिमा ने स्वास्थ्य परीक्षण और विशेषज्ञ परामर्श दिया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने स्वयं भी परीक्षण कराये और बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के उत्कृष्ट सेवा देने वाले सात चिकित्साकर्मियों को सम्मानित किया तथा स्वास्थ्य शिविर में सेवाएं देने वाले सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण एवं सेवा भावना की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी