आयुक्त ने अधिकारियों को लगाई फटकार, योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

 


पौड़ी गढ़वाल, 23 जुलाई (हि.स.)। आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप ने मंडलीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण, योजनाओं के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति व कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में आयुक्त ने समाज कल्याण विभाग को सभी पेंशन योजनाओं का विशेष सत्यापन अभियान चलाकर डुप्लीकेसी समाप्त करने और पात्र लाभार्थियों की शत-प्रतिशत आधार सीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान टीबी प्रभावित हाई-रिस्क गांवों में शत-प्रतिशत एक्स-रे कराने और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के लक्ष्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में स्वच्छ शौचालय, सुरक्षित भवन और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में निर्माणाधीन राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों की धीमी प्रगति पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित निर्माण एजेंसियों को अगली समीक्षा बैठक में तलब किया। रुद्रप्रयाग के सुमाड़ी-भरदार स्थित विद्यालय के निर्माण कार्य का थर्ड पार्टी निरीक्षण कर गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच कराने के भी निर्देश दिए। सहकारिता विभाग को पैक्स के माध्यम से संचालित होने वाले जन सुविधा केंद्रों के लिए जनपदवार प्रशिक्षण रोस्टर तैयार कर सभी पैक्स को समयबद्ध प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। बैठक में पंचायत राज, ग्रामीण विकास, आयुष, युवा कल्याण और प्राविधिक शिक्षा विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह