राजस्थान के विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने मुख्यमंत्री धामी से की भेंट
देहरादून, 02 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सुशासन, जनकल्याण और राज्यों के विकास से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री पुष्करसिंह धामी ने उत्तराखंड में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं, निवेश प्रोत्साहन, पर्यटन गतिविधियों, चारधाम यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि राज्यों के मध्य श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों और अनुभवों का आदान-प्रदान विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने उत्तराखंड सरकार द्वारा विकास एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने दोनों राज्यों के बीच सहयोग और समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि साझा अनुभवों से सुशासन और जनहितकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।धामी और मदन दिलावर की मुलाकात, शिक्षा एवं पंचायत सशक्तीकरण पर चर्चा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री (स्कूल शिक्षा, पंचायती राज एवं संस्कृत शिक्षा) मदन दिलावर ने शिष्टाचार भेंट की। दोनों नेताओं के बीच शिक्षा, पंचायती राज संस्थाओं के सशक्तीकरण, भारतीय संस्कृति और संस्कृत भाषा के संरक्षण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन, डिजिटल शिक्षा और पंचायतों को मजबूत बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। मदन दिलावर ने शिक्षा, संस्कृति संरक्षण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में राज्य सरकार के कार्यों की सराहना की। दोनों नेताओं ने शिक्षा, संस्कृति और स्थानीय स्वशासन के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय