उर्स मेले की तैयारियां तेज, एसपी देहात ने की बैठक

 


हरिद्वार, 05 अगस्त (हि.स.)। आगामी उर्स मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कोतवाली कलियर परिसर में एसपी देहात शेखर चंद सुयाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उर्स मेला कमेटी के सदस्यों के साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया।

बैठक के दौरान उर्स मेले की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसपी देहात ने कहा कि मेले के सफल आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है, लेकिन व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करने के लिए उर्स कमेटी और स्थानीय लोगों का सहयोग भी बेहद आवश्यक है्

उन्होंने सभी उपस्थित सदस्यों से अपील की कि मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात संचालन को सुचारु रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन का पूरा सहयोग करें। बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उर्स मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला