सोनिया की किताब से कांग्रेस का काला अध्याय फिर उजागर हुआ : महेंद्र भट्ट
देहरादून, 11 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब में किए गए उल्लेखों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किताब में किए गए खुलासों से कांग्रेस और गांधी परिवार के पुराने विवाद फिर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि आतंकियों के मुठभेड़ में मारे जाने और बाबरी ढांचे के ध्वस्त होने पर कांग्रेस नेताओं की संवेदनाएं सामने आती हैं, लेकिन राष्ट्रभक्तों और रामभक्तों के बलिदान पर उनकी वैसी प्रतिक्रिया नहीं दिखती।
महेंद्र भट्ट ने जारी बयान में आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में 1984 के सिख नरसंहार के दौरान दिल्ली में सेना की तैनाती में देरी के लिए तत्कालीन सेनाध्यक्ष जनरल वैद्य का नाम जोड़कर सेना को लेकर विवाद खड़ा किया है। उन्होंने इसे तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सरकार की जिम्मेदारी से बचने की कोशिश बताया।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने किताब में दावा किया है कि तत्कालीन सेनाध्यक्ष जनरल वैद्य ने दंगों के दौरान सेना के इस्तेमाल की सलाह नहीं दी थी। भट्ट के अनुसार, जनरल वैद्य के कई साक्षात्कार और पुस्तकें उपलब्ध हैं, लेकिन उनमें इस तरह के किसी सुझाव का उल्लेख नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी का यह बयान भी आज तक लोगों को याद है कि जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है।
महेंद्र भट्ट ने शाहबानो प्रकरण, 1984 के सिख नरसंहार, रामभक्तों पर गोलीबारी और बटाला हाउस मुठभेड़ का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की संवेदनाएं चुनिंदा घटनाओं पर ही सामने आती हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता सेना, राष्ट्रभक्तों और सनातन के अपमान को सहन नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता आगामी चुनाव में कांग्रेस को लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय