सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा : चम्पावत से 45 श्रद्धालुओं का दल सोमनाथ धाम रवाना
चम्पावत, 12 जुलाई (हि.स.)। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत चम्पावत से 45 श्रद्धालुओं का दल गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ के दर्शन एवं पूजन के लिए रवाना हुआ। बस स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
वन एवं पर्यावरण दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा बस को रवाना किया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष लोहाघाट गोविंद वर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद बोहरा, भाजपा मीडिया संयोजक राजू गढ़कोटी, जिला पर्यटन अधिकारी सानू प्रकाश सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यात्रा से पूर्व श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान सोमनाथ का स्मरण किया तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्याम नारायण पांडे ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा देश की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करती हैं।
विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी और नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ लोगों को देश की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं को निकट से जानने का अवसर मिलता है।
श्रद्धालुओं ने यात्रा को विशेष अवसर बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सोमनाथ धाम पहुंचकर दर्शन-पूजन के साथ क्षेत्र, प्रदेश और देश की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी