पौड़ी से 42 श्रद्धालुओं का दल सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा पर रवाना

 


पौड़ी, 13 जुलाई (हि. स.)। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने सोमवार को सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के तहत पौड़ी से 42 श्रद्धालुओं और 20 सदस्यीय सांस्कृतिक दल को गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए हरी झंडी दिखाकर यात्रा दल को रवाना किया और सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विधायक पोरी ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने यात्रियों से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आह्वान किया।

यात्रा के नोडल अधिकारी अनिरुद्ध सिंह बिष्ट ने बताया कि यात्रा दल में जनपद के 42 श्रद्धालुओं के अलावा गढ़ कला सांस्कृतिक संस्थान, पौड़ी के 20 कलाकार भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान सांस्कृतिक दल उत्तराखंड की लोक संस्कृति, लोक कला और परंपराओं की प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह