सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा से लौटा विशेष दल, पहुंचा उत्तराखंड

 




देहरादून, 19 जुलाई (हि. स.)। उत्तराखंड से गुजरात के सोमनाथ धाम के लिए रवाना हुए सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के श्रद्धालुओं का दल रविवार सुबह हर्रावाला रेलवे स्टेशन पहुंच गया। इसके साथ ही कई दिनों तक चली धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा का समापन हो गया।

यात्रा से लौटे अधिकांश श्रद्धालु हर्रावाला से हरिद्वार रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के विभिन्न पर्वतीय जिलों सहित हरिद्वार जनपद के यात्री अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। पतंजलि, गायत्री तीर्थ शांतिकुंज तथा परमार्थ निकेतन से जुड़े तीर्थयात्री भी हरिद्वार से अपने गंतव्यों के लिए प्रस्थान कर गए।

श्रद्धालुओं ने बताया कि यात्रा के दौरान उन्हें सोमनाथ मंदिर, राम मंदिर, गीता मंदिर (श्री गोलोकधाम तीर्थ), बाणगंगा, भालका तीर्थ, त्रिवेणी संगम और सोमनाथ संग्रहालय सहित विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिला। हरेला पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं ने शारदा पीठ परिसर में पौधरोपण भी किया।

श्रद्धालुओं ने यात्रा के सफल आयोजन के लिए गुजरात सरकार तथा उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस यात्रा का हिस्सा बनना उनके लिए अविस्मरणीय और आध्यात्मिक रूप से संतोषप्रद अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा ने उन्हें असीम शांति, संतोष और सांस्कृतिक एकात्मता का अनुभव कराया।

उत्तराखंड से 13 जुलाई को दोपहर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से हर्रावाला रेलवे स्टेशन से करीब 700 यात्रियों को दल को रवाना की गई और 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' विशेष रेल यात्रा रविवार सुबह हर्रावाला पहुंचने के साथ संपन्न हो गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने सोमनाथ सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय