सोशल मीडिया पर पहेलियों का खेल, विद्यार्थियों ने दिखाई तर्कशक्ति

 

हरिद्वार, 12 सितंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय के उद्यमिता प्रकोष्ठ (ई-सेल) की ओर से आयोजित सात दिवसीय सोशल मीडिया प्रतियोगिता ‘गेस थिंक विन’ सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में संकाय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी तार्किक क्षमता, रचनात्मकता और निरंतर सहभागिता का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान प्रत्येक दिन सोशल मीडिया के माध्यम से एक नई पहेली साझा की गई। प्रतिभागियों को निर्धारित समय के भीतर ई-सेल द्वारा तय प्रारूप में पहेली का सही उत्तर देना था। इसके साथ ही प्रतिदिन सोशल मीडिया स्टोरी साझा करना भी अनिवार्य किया गया, जिसमें ई-सेल जीकेवी एवं ई-सेल आईआईटी बॉम्बे का उल्लेख करना आवश्यक था।

प्रतियोगिता के संयोजक डॉ. लोकेश जोशी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक एवं बौद्धिक क्षमता विकसित करने के साथ ही उनमें निरंतर सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना था। संकायाध्यक्ष डॉ. एम.एम. तिवारी ने कहा कि तकनीक और तार्किक क्षमता का उपयोग विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को कुशल, रचनात्मक और सक्षम अभियंता बनने की दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक होते हैं।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनके उत्तरों की शुद्धता तथा सातों दिनों में निरंतर सहभागिता के आधार पर किया गया। पूरे सप्ताह के प्रदर्शन के आधार पर संचयी अंकों के अनुसार परिणाम घोषित किए गए। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन विभागाध्यक्ष प्रो. विपुल शर्मा ने विजेताओं को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में प्रांशु वर्मा ने प्रथम, करण ने द्वितीय तथा ऋषभ कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को ई-सेल जीकेवी की ओर से पुरस्कार प्रदान किए गए।

ई-सेल जीकेवी के सदस्यों ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, रचनात्मकता और निरंतरता की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। सहायक कुलसचिव डॉ. पंकज कौशिक ने कहा कि प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सोशल मीडिया का रचनात्मक उपयोग करने का अवसर भी प्रदान किया। आयोजकों ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता को देखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियां आयोजित करने की बात कही। इस अवसर पर संकाय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला