स्मैक तस्कर मुन्तहिर गिरफ्तार, 12.08 ग्राम स्मैक बरामद
हरिद्वार, 14 सितंबर (हि.स.)। ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रानीपुर पुलिस ने एक आरोपित को 12.08 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्मैक बिक्री से मिली 1,200 रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की है।
नशे के खिलाफ अभियान के तहत रानीपुर पुलिस टीम बंदा नंबर-9, सुमननगर तिराहा पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सलेमपुर की ओर से आ रही एक्टिवा संख्या यूके 08 बीजे 1631 को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी में 12.08 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपित की पहचान मुन्तहिर पुत्र शहीद, निवासी ग्राम गढ़ नंबर-1, पोस्ट मीरपुर, थाना रानीपुर, हरिद्वार, उम्र 44 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह स्मैक रहमतपुर निवासी एक महिला से लेकर आया था और उसे बेचने जा रहा था। आरोपित के मुताबिक वह कुछ स्मैक बेच भी चुका था, जिससे उसे 1,200 रुपये प्राप्त हुए थे।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया है। पूछताछ में सामने आई महिला की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला