पुलिस की नशे पर बड़ी चोट, 4.83 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 10 सितंबर (हि.स.)। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को 16.10 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 83 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक स्कूटी भी कब्जे में ली है।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर द्वारा नशे के कारोबार में संलिप्त संदिग्धों की गतिविधियों पर निगरानी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक नवीन चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम लंढौरा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 16.10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 4,83,000 है। मौके से नशे की तस्करी में प्रयुक्त एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है। आरोपित का नाम पता फैज मोहम्मद पुत्र फरागत, निवासी रणसूरा, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार बताया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला